![]()
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में 21 लोग घायल हो गए। सगाई कार्यक्रम में जा रही बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन घोरडेगा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बाराती मलसेमा गांव से बलरामपुर जिले के दुर्गापुर में सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बगीचा थाना क्षेत्र के घोरडेगा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस व अन्य वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। 3 घायलों की हालत गंभीर, अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज किया। डॉक्टरों ने बताया कि 21 घायलों में से तीन की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शेष 18 घायलों का इलाज बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। एसडीएम घायलों से मिलने पहुंचे घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम प्रदीप राठिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना तथा अस्पताल प्रबंधन को समुचित उपचार के निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और ड्राइवर के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
<
