जशपुर में जंगल कटाई और वनभूमि पर कब्जे का आरोप:3 पिकअप में पहुंचे ग्रामीण, DFO को सौंपा ज्ञापन, वन विभाग करेगा मौके की जांच

![]()
जशपुरनगर जिले के सन्ना वन परिक्षेत्र के चेपराकोना और दीवान हर्राडीपा क्षेत्र में कथित अवैध पेड़ कटाई और वनभूमि पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। तीन पिकअप वाहनों में सवार होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण जशपुर पहुंचे और वनमंडलाधिकारी शशि कुमार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के आसपास जंगल में बड़े पेड़ों को काटने के साथ झाड़ियों और वनस्पतियों को भी साफ किया जा रहा है। इसके बाद वनभूमि को खेत में बदलकर मक्के की फसल बोई जा रही है। 20 एकड़ वनभूमि पर कब्जे का आरोप चेपराकोना निवासी लोकनाथ बड़ा ने बताया कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से जंगल की कटाई कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब 20 एकड़ वनभूमि पर 7 लोगों ने कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर विवाद और मारपीट की कोशिश का आरोप भी लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में पहले बड़े पेड़ों और घनी झाड़ियों के कारण जमीन तक सूर्य की रोशनी भी मुश्किल से पहुंचती थी। अब पेड़ और झाड़ियां काटकर वन क्षेत्र को धीरे-धीरे कृषि भूमि में बदला जा रहा है। कई बार शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने स्थानीय स्तर पर कई बार मामले की शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। जंगल की कटाई और कथित अतिक्रमण लगातार बढ़ने से परेशान ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर वन विभाग के अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कलेक्टर के समक्ष भी शिकायत रखने की बात कही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर अवैध कटाई और कथित अतिक्रमण की जांच करे, वनभूमि से कब्जा हटाया जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। शिकायत सही मिली तो होगी कार्रवाई सन्ना वन परिक्षेत्र की रेंजर लक्ष्मी काहार ने कहा कि दीवान हर्राडीपा में पेड़ काटकर जमीन पर कब्जा करने की शिकायत मिली है। टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link




