![]()
बिलासपुर जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में अपर कलेक्टर एसएस दुबे ने लोगों की समस्याएं सुनीं। यह जनदर्शन कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित किया गया था। जनदर्शन में ग्राम खमतराई के ग्रामीणों ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शिकायत की है कि गांव के प्राचीन तालाब को असामाजिक तत्व लगातार गंदगी फेंककर प्रदूषित कर रहे हैं। ग्रामीणों ने तालाब को अधिग्रहित करने की नीयत से यह कृत्य करने का आरोप लगाया। जानिए किसने क्या कुछ समस्याएं रखी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने निजी और सामुदायिक शिकायतों से संबंधित कई आवेदन दिए। इनमें ग्राम दर्रीघाट की संगीता खांडे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने की गुहार लगाई। वहीं, तखतपुर ब्लॉक के परसदा निवासी संतोषी निर्मलकर ने बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग की। पचपेड़ी तहसील के ग्राम गोड़ाडीह निवासी लकेश्वर ने अपनी भूमि के डायवर्सन के लिए नियमानुसार अनुमति प्रदान करने का आवेदन दिया। इसके अतिरिक्त, कपसिया कला के दिव्यांग सावन कुमार ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। शहरी क्षेत्र के फजलबाड़ा वार्ड क्रमांक 33, गांधीनगर की निवासी राधा गायकवाड़ और शिवकुमारी यादव ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक बरगद का पेड़ उनके मकानों पर गिर गया था। पीड़ितों ने मकान की मरम्मत में असमर्थता जताते हुए तत्काल आर्थिक सहायता की अपील की। अपर कलेक्टर एसएस दुबे ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे आवेदकों को जल्द राहत मिल सके।
<
