![]()
जगदलपुर में छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त दिशा-निर्देशों के बीच पूरी हुई। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां पंजीकृत 115 परीक्षार्थियों में से 63 ने परीक्षा दी, जबकि 52 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से ढाई घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। केंद्र के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का शिक्षकों ने मिलान कर सत्यापन किया।
कड़े गाइडलाइन के साथ हुआ एग्जाम
जिन अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में फोटो स्पष्ट नहीं थी, उन्हें दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने के निर्देश पहले से दिए गए थे। परीक्षा के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड का भी सख्ती से पालन कराया गया। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के कपड़े, हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनकर आने की अनुमति थी। जूता-मोजा, घड़ी, बेल्ट, पर्स, मोबाइल फोन सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। आभूषण, कड़े, झुमके और कलावा धागा पहनने की भी अनुमति नहीं दी गई।
परीक्षा की संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया था। उनके निर्देशन में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव और सहायक समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
<
