![]()
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 5 साल की बच्ची से रेप और हत्या की कोशिश मामले में रविवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। उतई थाने के सामने मिनी माता चौक पर प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर खींचतान हुई। पुतला जलाने के दौरान एक आरक्षक आग की चपेट में आकर झुलस गया। जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ गृहमंत्री के 3 पुतले लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने पहले ही दो पुतलों को छीनकर नष्ट कर दिया था, जिससे पुतला दहन न हो सके। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले से ही योजना बनाकर एक और पुतला अलग गाड़ी में छिपाकर रखा था। जैसे ही मौका मिला, कार्यकर्ताओं ने अचानक उस पुतले पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जिससे गृहमंत्री का पुतला जलकर नाली में गिर गया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने पुतला के ऊपर पानी और रेत डालकर आग बुझाया। वहीं इस मामले में छग महार समाज की ओर से आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर पुलिस के पास आवेदन दिया गया है। देखिए प्रदर्शन से जुड़ी कुछ तस्वीरें… 10 प्रतिशत झुलसा आरक्षक, सिविल ड्रेस में था कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुतले को जलने से रोकने की कोशिश कर रहे आरक्षक गिरधर मंडावी आग की चपेट में आ गया। इस प्रदर्शन में वो सिविल में थे। पुतला जलने से रोकने के दौरान उनके कपड़ों में आग लग गई। उन्होंने तुरंत अपनी शर्ट उतारी, लेकिन तब तक उनके हाथ में आग लग चुकी थी। उनका हाथ करीब 10 प्रतिशत तक झुलस गया है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग बुझाकर उन्हें बचाया। घायल आरक्षक को पहले उतई के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न यूनिट में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी को भी हल्की चोटें आई हैं और उसके कपड़े भी फट गए। आरोपी के खिलाफ पहले हुई थी शिकायत- राकेश ठाकुर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। मौके पर कांग्रेस के दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर पहुंचे। राकेश ठाकुर ने कहा कि, 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। आरोपी के खिलाफ पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि, आरोपी शराब का आदी था और इलाके में अवैध शराब बेचने का काम भी करता था। इसके बावजूद उस पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। जिस कारण इतनी बड़ी घटना हो गई।बच्ची को बोरे में भरकर फेंक दिया गया था। लेकिन मोहल्ले के कुछ बच्चों ने बोरे से बाहर निकला उसका पैर देखा और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। जिले में कानून व्यवस्था फेल- कांग्रेस राकेश ठाकुर ने जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि, दुर्ग में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। कुछ समय पहले भी 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति से साफ है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से कमजोर हो चुकी है। मामले में आगे नियमानुसार कार्रवाई होगी इस मामले में पाटन के एसडीओपी अनुप लकड़ा ने बताया कि, उतई थाना क्षेत्र में पुतला दहन का कार्यक्रम था। इस दौरान अचानक पुतला गिरने से आरक्षक गिरधर मंडावी के हाथ में आग लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सख्त से सख्त कार्रवाई हो, घर पर बुलडोजर चले- समाज आरोपी धनेश्वर साहू छग महार-माहरा समाज से है। ऐसे में समाज के लोगों ने आकर आरोपी के कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में समाज की ओर से जिला अध्यक्ष शुभम सिंह और महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष, उतई की विमला कामड़े ने कहा कि, आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पुलिस करे। उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए।
<
