गुरु पूर्णिमा पर 5 घंटे दुर्गा चालीसा का पाठ किया आरती कर बांटा प्रसाद, चरित्र को बताया साधना

भास्कर न्यूज | महासमुंद गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बुधवार को ग्राम खरोरा के गुड़ी चौक में भक्ति और अध्यात्म का संगम दिखा। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक 5 घंटे का अखंड दुर्गा चालीसा पाठ हुआ। आयोजन निष्ठा और श्रद्धा के साथ किया गया। पाठ की पूर्णाहुति के बाद मां दुर्गा के जयकारों के बीच महाआरती हुई। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। पूरे कार्यक्रम में गुड़ी चौक क्षेत्र मां दुर्गा के भजनों और जयकारों से गूंजता रहा। भगवती मानव कल्याण संगठन की टीम के प्रमुख रंजीत चंद्राकर ने कहा, गुरु पूर्णिमा का अवसर पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। यह समाज को नई और सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा, संगठन का उद्देश्य समाज को नशामुक्त, मांसाहार मुक्त, चरित्रवान बनाना है। इससे हर घर और समाज में सुख-शांति का वास हो सके। उन्होंने कहा, एक साथ बैठकर साधना करना जगज्जननी मां की सर्वोत्तम साधना बनती है। साधना का अर्थ जन-कल्याण के कामों से जुड़ने पर पूरा होता है। समाज को बुराइयों से मुक्त कराना भी साधना का अहम हिस्सा है। आयोजन में ग्राम खरोरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मौके पर परशुराम यादव, लक्ष्मीचंद धीवर, दुलार यादव, द्रोपती यादव, राधे निर्मलकर, तनू निर्मलकर, भीखम यादव, दिलीप सेन, भूषण चंद्राकर, झरना पटेल, हीराबाई चंद्राकर, कुमारी, शकुन, शांत, कौशल्या सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठन की समाज हित की तीन प्रमुख धाराओं की जानकारी भी दी गई। पहली धारा सिद्धाश्रम धाम पंचज्योति शक्तितीर्थ है। यहां वर्ष 1997 से अनवरत श्री दुर्गा चालीसा पाठ जारी है। यह अनंत काल तक चलता रहेगा। दूसरी धारा भगवती मानव कल्याण संगठन है। यह जमीनी स्तर पर काम करता है। लोगों को नशा और मांसाहार छोड़ने के लिए प्रेरित करता है। तीसरी धारा आध्यात्मिक चेतना के माध्यम से समाज को सन्मार्ग पर आगे बढ़ाना है।
Source link




