भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल वन परिक्षेत्र दुर्गूकोदल अंतर्गत चिखली समिति में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य तेज गति से चल रहा है। क्षेत्र के विभिन्न फड़ केंद्रों में बड़ी संख्या में संग्राहक सक्रिय रूप से तेंदूपत्ता तोड़ाई एवं संग्रहण कार्य में लगे हुए हैं। इसी क्रम में भूतपूर्व जनपद सदस्य एवं सभापति नागसाय तुलावी ने क्षेत्र का दौरा कर फड़ केंद्रों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद संग्राहकों से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान नागसाय तुलावी ने संग्राहकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे बोनस, बीमा, छात्रवृत्ति व अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने संग्राहकों से अपील की कि वे गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता ही फड़ केंद्रों में लाएं, ताकि उन्हें उचित लाभ मिल सके और विभागीय मानकों का पालन हो। इस दौरान संबंधित पोषक अधिकारी सतीश कुमार ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने संग्राहकों से चर्चा करते हुए बताया कि इस वर्ष तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य शासन के निर्देशानुसार व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है। विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खरीदी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।
<
