![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गौरेला नगर पालिका की कथित लापरवाही के विरोध में टीकरकला और लोहराझोरकी गांवों के सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने गांवों को कचरा डंपिंग साइट बनाने के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि, गौरेला नगरपालिका क्षेत्र का सारा कचरा टीकरकला और लोहराझोरकी गांवों की सीमा पर डंप किया जा रहा है। इस कारण गांवों की सड़कों और खाली मैदानों में हर जगह कचरा दिखाई देता है। गांव में फैल रही बीमारियां ग्रामीणों के अनुसार, इस गंदगी के कारण गांव में बीमारियां फैल रही हैं। मक्खियों की वजह से लोगों का खाना-पीना दूषित हो रहा है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने दावा किया कि गंदगी और दूषित पानी के कारण गांव में उल्टी-दस्त का प्रकोप फैला है, जिससे कई लोगों की मौत भी हुई है। मौके पर कचरे के ढेरों के बीच बेसहारा मवेशी देखे गए, जो कचरा खा रहे थे। गंदगी के बीच एक मृत मवेशी का शव भी पड़ा मिला। समस्या का समाधान करने की मांग ग्रामीणों ने बताया कि, उन्होंने इस समस्या को लेकर नगर पालिका अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपकर उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।
<
