![]()
बलरामपुर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ग्राम पुटसुरा में जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजना के कार्य में गंभीर अनियमितताओं और गुणवत्ताहीन कार्य को लेकर ठेकेदार रवि रंजन कुमार राजा को कड़ी चेतावनी जारी की है। विभाग ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता राहुल गुप्ता द्वारा दिए गए आवेदन और सहायक अभियंता की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जांच में पाया गया कि योजना का कार्य अभी अधूरा है, लेकिन इसके बावजूद सरपंच से यह कहलवाया गया कि सभी जगह पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है। हालांकि, वास्तविकता में अधिकांश बसाहटों में पानी चालू नहीं हुआ है। जांच के दौरान कई प्रमुख खामियां सामने आईं। 120 KL क्षमता की पानी की टंकी में रिसाव (सीपेज) पाया गया। टंकी की कलर कोटिंग और साफ-सफाई का कार्य भी संतोषजनक नहीं मिला। इसके अतिरिक्त, बाउंड्रीवॉल की फेसिंग जाली और एंगल की ऊंचाई मानक के अनुरूप नहीं थी। पानी की आपूर्ति के संबंध में, सेमरपारा में आंशिक रूप से पानी चालू मिला, जबकि अन्य बसाहटों में आपूर्ति पूरी तरह बंद रही। महुआरीपारा में तो पाइपलाइन बिछाई ही नहीं गई थी। पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत भी नहीं की गई। कई स्थानों पर एफएचटीसी (फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन) टूटे हुए पाए गए, और कुछ घरों में एक से अधिक कनेक्शन भी मिले। स्टैंड पोस्ट का निर्माण भी असंतोषजनक पाया गया। कार्यपालन अभियंता ने ठेकेदार को निर्देश दिया है कि सभी त्रुटियों को तत्काल सुधारते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जाए और नियमानुसार हैंडओवर प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों की अवहेलना होने पर अनुबंध निरस्त कर अमानत राशि को शासन के पक्ष में राजसात किया जा सकता है।
<
