भास्कर न्यूज | कवर्धा सरोदा बांध से लगे बांधा गांव में बुधवार को मध्यप्रदेश निर्मित शराब के साथ दो आरोपी पकड़े गए हैं। आबकारी विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित 238 पौवा अवैध शराब जब्त की गई है। इसकी कीमत 19 हजार रुपए आंकी गई है। छग आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 59(क) और 36 के तहत दोनों आरोपी को जेल भेजा गया है। आरोपी अशोक कुमार पिता आत्माराम के घर से 84 पौवा शराब मिली है, जिसकी कीमत 6720 रुपए है। वहीं आरोपी रामकुमार पिता चोंगू के घर से 154 पौवा अवैध शराब मिली है, कीमत 12320 रुपए है। दोनों आरोपी पड़ोसी हैं और आमने- सामने घर है। पूछताछ में मध्यप्रदेश से अवैध शराब तस्करी का नया और चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। भोरमदेव वन्यप्राणी अभयारण्य से लगा बांधा गांव है। यहां रहने वाले दो पड़ोसी आरोपी रेंगाखार मार्ग से होकर अभयारण्य के भीतर के रास्तों से बाइक पर मध्यप्रदेश पहुंचते थे। वहां से सस्ती शराब खरीदकर लाते और गांव में लगभग तीन गुना कीमत पर बेचते थे। आबकारी विभाग की छापेमारी में इसका खुलासा हुआ है। 55 रुपए में खरीदकर लाते, गांव में 150 में बेचते पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश के सीमावर्ती दुकानों से 55 रुपए में एक पौवा खरीदकर लाते थे। इसे गांव में 150 रुपए में बेचते थे। दोनों मिलकर रोज 30 से 40 पौवा खपा देते थे। यानी हर दिन करीब 2500 से 3000 रुपए तक अवैध कमाई हो रही थी। यह सिर्फ अवैध शराब का मामला नहीं, बल्कि वन क्षेत्र के रास्तों का दुरुपयोग कर निगरानी को चकमा देने का मामला भी बन गया है।
<
