![]()
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी पर शनिवार दोपहर एक टोल प्लाजा में हादसा हो गया। ड्यूटी पर तैनात एक युवती को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। युवती टोल प्लाजा पर अपनी ड्यूटी कर रही थी, तभी कोरबा के इमलीडुग्गु क्षेत्र का एक युवक पल्सर बाइक से तेज गति से आया और उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती मौके पर ही गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गई। हादसे के बाद टोल प्लाजा में मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तत्काल युवती को संभाला। टोल प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चांपा भेजा गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, युवती को सिर और पैर में चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बाइक सवार युवक भी इस हादसे में चोटिल हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक तेज रफ्तार में था और टोल प्लाजा के भीतर नियंत्रण खो बैठा। उरगा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि टोल प्लाजा जैसे सुरक्षित क्षेत्र में भी ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है। लोगों ने टोल प्लाजा के भीतर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर और सख्त इंतजामों की मांग की है। उरगा थाना पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
<
