![]()
कोरबा में मंगलवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पाली थाना पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। मुनगाडीह के पास ट्रक से टकराया माल वाहन वाहन पहली घटना बिलासपुर-कटघोरा मुख्य मार्ग (NH 130) पर मुनगाडीह के पास हुई। तेज रफ्तार माल वाहक वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि माल वाहक वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माल वाहक वाहन बिलासपुर की ओर से आ रहा था। धौराभाटा में ट्रेलर-बाइक भिड़ंत दूसरी दुर्घटना धौराभाटा के पास हुई। जहां ट्रेलर और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज पाली स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करते समय बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। डूमरकछार ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की टक्कर तीसरी घटना डूमरकछार ओवर ब्रिज हाईवे पर हुई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
<
