![]()
कोंडागांव जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 40 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने इन छात्रों को जिला कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा, वहीं उनके पालक और शिक्षक भी गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। विद्यार्थियों में बढ़ा उत्साह और आत्मविश्वास इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कलेक्टर से वादा किया कि वे कक्षा 12वीं में और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। छात्रों ने बताया कि इस सम्मान से उन्हें आगामी कक्षाओं में अधिक प्रतिशत अंक लाने की प्रेरणा मिली है। कलेक्टर की इस पहल की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ। इस सम्मान समारोह में जवाहर नवोदय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल, डीएवी और एकलव्य सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विद्यार्थियों के साथ उनके पालक और शिक्षकगण भी उपस्थित थे। जिले के टॉपर्स की सूची नवोदय विद्यालय कोंडागांव की छात्रा वंदना कश्यप ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। डीएवी बड़ेडोंगर फरसगांव की छात्रा प्रीति सरकार ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर रहीं। डीएवी केशकाल की छात्रा वनशिखा खबास, चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल कोण्डागांव के छात्र आर्यन जायसवाल और नवोदय विद्यालय कोण्डागांव के छात्र देवदत्त सोम ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कोंडागांव दौरे पर पहुंचे राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा तीन दिवसीय बस्तर प्रवास पर कोंडागांव पहुंचे। 21 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे कलेक्टर सभागार में जिले के सभी स्काउट-गाइड गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत रेंजर्स ने सभागार के बाहर तिलक आरती से स्वागत कर की। रोवर-रेंजर ने जनरल सैल्यूट दिया। सभागार में प्रवेश के बाद “दया कर दान भक्ति का हमें परमात्मा देना” प्रार्थना के साथ बैठक शुरू हुई। इस अवसर पर इंदरजीत सिंह खालसा और विशिष्ट अतिथि दिनेश चौरड़िया का स्वागत सहायक जिला शिक्षा अधिकारी सियाराम नेताम, जिला सचिव चमन लाल सोरी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड श्रीमती नीलम श्रीवास्तव, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट श्यामलाल कोर्राम, प्रशिक्षण सलाहकार ऋषिदेव सिंह, जिला संगठन आयुक्त भीष्म देव ने बुके और स्कार्फ भेंट कर किया। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और सम्मान बैठक के दौरान 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी लखनऊ में शामिल प्रतिभागियों को राज्य मुख्य आयुक्त के हाथों प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ कोंडागांव ने अतिथियों को बस्तर कला पर आधारित धातु शिल्प भेंट किया। विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की समीक्षा बैठक में राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर के शिविर, अंशदान पंजीयन 2025-26, महाविद्यालयों में दल संचालन का विस्तार, फ्लैग स्टीकर राशि, सत्र 2025-26 का आय-व्यय विवरण, जिला स्तरीय साइकिल संदेश, राज्य स्तरीय पुरस्कार रैली, चतुर्थ चरण, हीरक पंख, बुलबुल उत्सव जैसी गतिविधियों की जानकारी ली गई। प्रशिक्षण और शिविरों पर चर्चा जिला स्तरीय रैली, राज्य पुरस्कार पूर्वाभ्यास शिविर, रेंजर जांच शिविर, रोवर जांच शिविर, राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी दूधली, स्थापना दिवस, फ्लैग स्टीकर, बेसिक, एडवांस, हिमालय वुड बैज यूनिट लीडर से जुड़ी जानकारी पर भी चर्चा हुई। जिले में स्काउटिंग की स्थिति पर विचार कोंडागांव जिले में स्काउटिंग-गाइडिंग संचालित संस्थानों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और आगे बेहतर संचालन के लिए सुझाव दिए गए।
<
