![]()
कोंडागांव जिले में अप्रैल 2026 के दौरान चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत कोंडागांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुल 39 गुमशुदा व्यक्तियों को देश के विभिन्न राज्यों से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। इनमें 12 बच्चे (बालक-बालिकाएं) और 27 वयस्क शामिल हैं। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चले इस अभियान में पुलिस की सक्रियता से कई परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं। ‘ऑपरेशन मुस्कान’: दूर राज्यों से मिले बच्चे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गुमशुदा बच्चों को मुंबई और तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों से बरामद किया गया। ये बच्चे लंबे समय से लापता थे, जिससे उनके परिजन परेशान थे। बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिवारों की खुशी साफ झलक रही थी। तकनीक और समन्वय से मिली सफलता पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय के जरिए इस अभियान को सफल बनाया। ‘ऑपरेशन तलाश’: 27 लोगों की घर वापसी इसी तरह ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत 27 गुमशुदा पुरुष और महिलाओं को खोजा गया। ये लोग रोजगार, स्वास्थ्य या पारिवारिक कारणों से घर से दूर चले गए थे। लगातार प्रयास और सूचना तंत्र के जरिए इन्हें सुरक्षित वापस लाया गया। एसपी बोले- कोई भी लापता नहीं रहेगा यह पूरा अभियान पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन में चलाया गया। उन्होंने कहा, “गुमशुदगी किसी भी परिवार के लिए बड़ा दर्द होती है। कोंडागांव पुलिस का प्रयास है कि जिले का कोई भी व्यक्ति लापता न रहे।” पुलिस टीमों के तालमेल से मिली सफलता जिले के सभी थाना प्रभारियों, विशेष सेल और अन्य राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के कारण यह अभियान सफल रहा।
<
