रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। …और पढ़ें

HighLights
- दिलशाद गार्डन, दिल्ली निवासी है आरोपित
- कटोरा तालाब के पास गांजा बेच रहा था
- कुरियर के माध्यम से गांजा मंगवाता था
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुरियर के जरिए दिल्ली से गांजा और ‘ओसियन ग्रो गांजा’ मंगाकर रायपुर में बिक्री कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 3.62 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन पुलिस को 11 अप्रैल को सूचना मिली कि कटोरा तालाब के पास एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
दिलशाद गार्डन, दिल्ली निवासी है आरोपित
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक पसरिचा (26) निवासी दिलशाद गार्डन, दिल्ली बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 2.870 किलोग्राम गांजा और 0.114 ग्राम ओसियन ग्रो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 3 हजार रुपये नकद, एप्पल कंपनी का आईफोन और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए।
कुरियर के माध्यम से गांजा मंगवाता था
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के माध्यम से गांजा मंगवाता था। पुलिस अब कुरियर कंपनी से भी पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और पूरी सप्लाई चेन की पड़ताल की जा रही है।
<
