भास्कर न्यूज | नवापारा-राजिम नवापारा-मगरलोड मार्ग पर स्थित सोमवारी बाजार पुल पर शुक्रवार सुबह रेत से भरा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधा बाहर लटक गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, बड़ी करेली चौकी क्षेत्र के नवागांव के पास स्थित सोमवारी बाजार पुल पर ट्रैक्टर सीजी 04 एम 0623) रेत लेकर नवागांव से नवापारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार नवापारा की ओर मुड़ने लगी। कार की टक्कर से बचने के प्रयास में चालक का ट्रैक्टर पर नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधा बाहर लटक गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया। बाद में क्रेन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर आवागमन बहाल कर दिया गया।
<
