भास्कर न्यूज | खरियार रोड़ स्थानीय नगरपालिका परिषद की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर चर्चा कर सर्वसम्मति से पारित किया गया। नुआपाड़ा के नवनिर्वाचित विधायक तथा जिला प्लानिंग बोर्ड के चेयरमेन जय धोलकिया इस बैठक में प्रथम बार शामिल हुए जिनका पालिकाध्यक्ष डॉ सोनिया जैन समेत तमाम पार्षदों ने भव्य स्वागत किया। नगरपालिका अध्यक्ष डॉ सोनिया जैन की अध्यक्षता में आयोजित कौंसिल की बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के अनुसार नगरपालिका कार्यालय का नया भवन बन जाने के बाद पुराने भवन को तोड़ कर मिनी स्टेडियम के लिए पार्किंग स्पेस बनाया जाएगा। बता दें कि वर्तमान में मिनी स्टेडियम में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। नगरपालिका कार्यालय इसी मिनी स्टेडियम से सटा हुआ है। पालिका के लिए नया भवन निर्माणाधीन है। उसके बनते ही पुराने भवन को तोड़ कर मिनी स्टेडियम के लिए पार्किंग स्पेस में तब्दील करने का प्रस्ताव बैठक में लाया गया था जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसी प्रकार वार्ड नंबर 4 में रहने वाले सफाई कर्मियों व देवार बस्ती के निवासियों समेत अन्य भूमिहीन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास येजना के तहत आवास निर्माण को भी बैठक में मंजूरी दी गई है। बैठक में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि गोल्डी अग्रवाल ने वार्ड नंबर एक बनका स्थित स्मार्ट पार्क में पूर्व मंत्री स्व. राजू भाई धोलकिया की स्मृति में स्मार्ट पार्क का नामकरण स्व राजू भाई धोलकिया के नाम पर करने तथा उनकी प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव दिया था जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इस बैठक में पालिका के ईओ कमलासन रथ, अधिकांश वार्ड के पार्षद व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। भीषण गर्मी के चलते विभिन्न वार्ड में उपजे अस्थायी पेयजल संकट से निपटने के लिए नगरपालिका द्वारा प्रभावित वार्ड में टैंकरों के जरिए पेयजल आपूर्ति की सेवा शुरु कर दी गई। विधायक जय धोलकिया, पालिकाध्यक्ष डॉ सोनिया जैन व विभिन्न वार्ड के पार्षदों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखा कर टैंकर सेवा का शुभारंभ किया गया। पालिकाध्यक्ष डॉ सोनिया जैन ने कहा कि कतिपय वार्ड में पानी की असुविधा को देखते हुए वहां टैंकरों से पानी आपूर्ति की जाएगी। पानी की असुविधा दूर होते तक ये सेवा जारी रहेगी।
<
