![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए और बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता त्रिवेदी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें, सोने के दाम में उछाल और किसानों को खाद की समस्या, ये सभी महंगाई के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने इन सभी समस्याओं के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री को जिम्मेदार बताया। नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि उर्वरक की कमी से किसानों का उत्पादन घटेगा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नागरिकों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ की सलाह दे रहे हैं, लेकिन फील्ड में काम करने वाले और फेरी लगाने वाले लोगों का क्या होगा। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार में रसोई का बजट बिगड़ गया है। महंगाई, पेट्रोल कीमतों और बेरोजगारी पर भाजपा सरकार को घेरा नितिन त्रिवेदी ने सोने की कीमतों का हवाला देते हुए कहा कि 12 सालों में सोना 50 गुना महंगा हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि मोदी सरकार बनने के बाद पेट्रोल के दाम 70 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 100 रुपये प्रति लीटर के पार चले गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। विदेश यात्राओं को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री खुद विदेश यात्राओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं, जबकि देशवासियों को विदेश यात्रा न करने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने मनमोहन सिंह सरकार के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था के चौथे स्थान पर होने का जिक्र किया और कहा कि मोदी राज में यह छठवें स्थान पर पहुंच गई है। जब सरकार से स्थितियां नहीं संभल रही हैं, तो वह देश की जनता से कम उपभोग करने की अपील कर रही है।
<
