टॉप न्यूज़

कांग्रेस का बिजली दरों, स्मार्ट मीटर के खिलाफ आंदोलन:1 अगस्त से प्रदेशव्यापी प्रदर्शन की घोषणा, सीएम आवास घेराव की तैयारी




छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में 1 अगस्त से प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। शनिवार को हुई पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने बढ़े हुए बिजली शुल्क वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर से लागू करने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने आंदोलन के चरणबद्ध कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को सभी जिलों में पत्रकार वार्ता आयोजित कर बिजली दर वृद्धि का विरोध किया जाएगा। 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवेदन भरवाएंगे। इसके साथ ही, आम जनता से हस्ताक्षर अभियान चलाकर बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग की जाएगी। एकत्रित आवेदनों को संबंधित बिजली कार्यालयों में जमा कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने यह भी बताया कि जिला स्तर पर आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री के निवास का भी घेराव किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिजली दरों में कई बार वृद्धि की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। पार्टी का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाना उचित नहीं है। पार्टी ने केंद्र सरकार के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें स्मार्ट प्रीपेड मीटर को वैकल्पिक व्यवस्था बताया गया था।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button