![]()
कांकेर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम करीब 6:30 बजे मवेशी को बचाने के प्रयास में दो ऑटो आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। जानकारी के अनुसार, दोनों ऑटो धमतरी से चारामा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो के सामने अचानक एक मवेशी आ गया। चालक ने उसे बचाने के लिए वाहन को दाईं ओर मोड़ा, तभी बगल से गुजर रहे दूसरे ऑटो से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ऑटो राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही पलट गया, जबकि दूसरा ऑटो लगभग 10 फीट नीचे खेत में जा गिरा। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए स्पीड स्टॉपर लगाने की मांग की है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम जारी है, जिसके बाद सड़क यातायात बहाल किया गया।
<
