![]()
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। “उजियारा अभियान” के तहत की गई इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपए है। यह कार्रवाई सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 23 मई को की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैचों और ऑनलाइन कैसीनो गेम में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे (प्रशिक्षु आईपीएस) के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर अमीन खान, मनीष कावडे, सलमान मेमन और रिजवान फारूकी को पकड़ा। पूछताछ में इन आरोपियों ने आईपीएल क्रिकेट और अन्य ऑनलाइन गेम में सट्टा खेलने की बात स्वीकार की। जांच के दौरान राहुल गिडलानी, अमन खटवानी और एक विधि से संघर्षरत बालक का नाम भी सामने आया। जांच में पता चला कि ये लोग ऑनलाइन सट्टा खेलने-खिलाने के लिए आईडी उपलब्ध कराकर अवैध आर्थिक लाभ कमा रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 तथा धारा 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अमीन खान (निवासी श्रीरामनगर कांकेर), मनीष कावडे (निवासी शिवनगर), सलमान मेमन (निवासी शिवनगर), रिजवान फारूकी (निवासी शीतलापारा), राहुल गिडलानी और अमन खटवानी (दोनों निवासी आदर्श नगर कांकेर) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अमन खटवानी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 और 2024 में उसके खिलाफ अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए जा चुके हैं।
<
