![]()
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसे प्रताड़ित किया और करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का यह भी कहना है कि महिला की मौत के बाद पति कमरे में म्यूजिक पर डांस कर रहा था। इसके अलावा यह भी आरोप लगाया कि पति का किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर था, जिसकी वजह से उसने उसे मार डाला। वहीं भाई ने बहन की माैत मामले में न्याय की मांग की है और कहा, जिस तरह उसकी बहन को करंट लगाकर मारा है, उसे भी करंट लगाकर मारा जाए। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लैंगा का है। पहले देखिए 3 तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मणगढ़ की रहने वाली महिला की शादी साल 2020 में लैंगा के संतलाल से सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। महिला के भाई राजेंद्र प्रसाद और परिवार वालों का कहना है कि शादी के दो साल बाद जब उनके बच्चे नहीं हुए, तो पति उसे परेशान करने लगा। भाई ने यह भी बताया कि पति का किसी दूसरी लड़की से अफेयर था। दामाद वॉटसऐप में दूसरी लड़की का फोटो डीपी में लगाता था। इस मामले को लेकर दो बार समाज की बैठक भी हुई थी, जिसमें पत्नी को अच्छे से रखने के लिए उसे समझाया गया, लेकिन फिर भी कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद भी संतलाल अपनी पत्नी को लगातार प्रताड़ित करता रहा। बताया जा रहा है कि सामाजिक बैठक में भी संतलाल ने साफ कहा था कि वह अपनी पत्नी को जान से मार देगा। घरवालों का आरोप- पति ने की करंट से हत्या मृतका के भाई का कहना है कि 17 मई की रात उनकी बहन की घर के अंदर संदिग्ध हालत में मौत हो गई। भाई ने आरोप लगाया है कि संतलाल ने बिस्तर में करंट लगाकर उसकी हत्या की है। उनका यह भी कहना है कि महिला के हाथों में दो जगह जलने के निशान मिले हैं। भाई का आरोप है कि दूसरी लड़की को घर लाना चाहता था, इस वजह से उसने बहन को मार दिया। घरवालों ने यह भी बताया कि महिला की मौत के बाद संतलाल घर में तेज आवाज में म्यूजिक चला रहा था और डांस कर रहा था। वहीं, घटना की जानकारी मायके पक्ष को काफी देर बाद दी गई। मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद घरवालों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी शशिकांत सिंह ने बताया कि पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
<
