भास्कर न्यूज| झलप नेशनल हाईवे पर छिलपावन चौक झलप में बुधवार- गुरुवार दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा ने एक कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार अनियंत्रित होकर हवा में उछल गई और डिवाइडर से टकराते हुए सर्विस रोड किनारे पलटी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार (पीबी 29 एजी 1662) ओडिशा से रायपुर की ओर जा रही थी। रात करीब 11:40 बजे विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन समेत बागबाहरा की ओर फरार हो गया। कार में पंजाब के मोगा निवासी रमन और उनके ड्राइवर सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक भीतर ही फंस गया। स्थानीय युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए कार के दरवाजे को तोड़कर घायल चालक को बाहर निकाला। ड्राइवर के हाथ-पैर और फेफड़े की पसलियां टूटने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, कार सवार रमन के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। शर्मनाक बात यह रही कि जहां एक ओर लोग घायलों की जान बचाने में जुटे थे, वहीं किसी अज्ञात व्यक्ति ने रमन का मोबाइल और करीब 10,000 रुपये नकद पार कर दिए।
<
