दंतेवाड़ा| नगर के स्टेट बैंक चौक स्थित एटीएम रूम में लगी एसी लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे ग्राहकों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पैसे निकालने पहुंचने वाले लोगों को बंद कमरे में बिना ठंडक और पंखे के पसीना बहाना पड़ रहा है। कुछ ही मिनट अंदर खड़े रहना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार एटीएम की एसी कई महीनों से खराब है। सर्दियों में इसका असर ज्यादा नहीं दिखा, लेकिन अब तापमान बढ़ने के साथ स्थिति बेहद असहज हो गई है। ग्राहकों का कहना है कि एसी बंद होने से एटीएम मशीनें भी गर्म हो जाती हैं और ठीक से काम नहीं करतीं। इसके चलते कई बार ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है और नकदी नहीं निकल पाती, जिससे लोगों को बार-बार एटीएम के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन से जल्द एसी सुधारने और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि गर्मी में राहत मिल सके और सुचारू रूप से लेन-देन हो सके। -चंद्रकांत छत्री, दंतेवाड़ा
<
