![]()
तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए बयान को लेकर रायपुर में विरोध प्रदर्शन किया । रुद्र सेना और अखिल भारतीय हिन्दू परिषद से जुड़े पदाधिकारी, संत समाज और कार्यकर्ता आजाद चौक थाने पहुंचे और FIR दर्ज करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म की तुलना बीमारियों से करना करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बयान है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की और कहा कि इस तरह के बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं। रुद्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने कहा कि किसी धर्म को खत्म करने जैसी बातें संविधान की भावना के खिलाफ हैं। उन्होंने मांग की कि धार्मिक वैमनस्य फैलाने और शांति भंग करने से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भारत का संविधान सभी धर्मों के सम्मान की बात करता है और सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए। संगठनों ने मामले की जानकारी राज्य शासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने की मांग भी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ पदाधिकारियों ने कानूनी लड़ाई लड़ने और सोशल मीडिया पर अभियान चलाने की भी बात कही। प्रतिनिधिमंडल में महंत योगेश गिरी, महंत नर्मदा दास, महंत लक्ष्मण दास समेत बड़ी संख्या में संत और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
<
