![]()
जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। मामले की शुरुआत 10 अप्रैल 2026 की रात हुई थी, जब नैला क्षेत्र के अनंत विहार, नहरिया बाबा रोड स्थित एक घर से अज्ञात आरोपियों ने सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। सैयद अली की शिकायत पर चौकी नैला में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की वर्ना कार का फुटेज सामने आया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर वाहन मालिक की पहचान मध्यप्रदेश के बालाघाट निवासी प्रकाश जावरे के रूप में हुई। टीम ने बिलासपुर के कोनी निवासी राजेश पटेल को नांदघाट क्षेत्र से पकड़ा। पूछताछ में राजेश पटेल ने अपने साथी पप्पू पटेल और प्रकाश जावरे के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। बालाघाट में दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार इसके बाद पुलिस टीम ने बालाघाट जिले के उकवा क्षेत्र में दबिश देकर प्रकाश जावरे और पप्पू पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे चोरी से पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर रात में सूने मकानों को निशाना बनाते थे।नैला की घटना में भी उन्होंने पहले घर की रेकी की और फिर खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कई जिलों में वारदात कबूल, सर्राफा व्यापारी फरार कमरे और अलमारी तोड़कर जेवरात चोरी कर फरार हो गए थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने जांजगीर के विष्णु विहार कॉलोनी और मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी के गहनों को बालाघाट के एक सर्राफा व्यापारी को बेच दिया गया था, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। 2.30 लाख की संपत्ति बरामद, आरोपियों को भेजा गया जेल पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार (2 लाख), तीन मोबाइल (21 हजार ), नगदी 5 हजार रुपए, सोने की बाली और चांदी के आभूषण सहित कुल 2 लाख 30 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की है।
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
<
