भास्कर न्यूज | लाटाबोड़ ग्राम पंचायत द्वारा बस स्टैंड लाटाबोड़ के यात्री प्रतीक्षालय के पास आम रास्ते पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित करने चबूतरा निर्माण किए जाने की योजना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गई है। ग्रामवासियों का कहना है कि यह मार्ग गांव के दैनिक आवागमन का प्रमुख रास्ता है, और चबूतरा निर्माण के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित होगी। फूलसिंह साहू, बिमलेश साहू, कोमल राम साहू, कन्हाई बघेल और राजू खान सहित अन्य ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि प्रतिमा का चबूतरा आम रास्ते पर न बनाया जाए। उनका कहना है कि प्रतिमा के लिए कोई अन्य उपयुक्त स्थान चुना जाए, जिससे गांववासियों को आने-जाने में कोई बाधा न हो और सामूहिक सहयोग के साथ यह कार्य संपन्न हो सके। ग्रामीणों ने पंचायत से अपील की है कि वे जनता की सहूलियत और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लें, ताकि किसी भी विवाद या परेशानी की स्थिति उत्पन्न न हो।
<
