![]()
जशपुर पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी दोकड़ा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन की तलाशी लेने पर कच्चे आम की ट्रे के नीचे छिपाकर रखा गया 2 क्विंटल 7 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी तस्कर को गिरफ्तार करते हुए कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की सामग्री जब्त की है। पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी पुलिस के अनुसार, 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक पिकअप वाहन (UP-70-RT-6633) में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डीआईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, चालक ने पुलिस को देखकर वाहन रोकने के बजाय तेजी से कांसाबेल की ओर भगा दिया। इसके बाद पुलिस ने ग्राम खुटेरा में दूसरी नाकाबंदी की, लेकिन आरोपी वहां से भी वाहन मोड़कर भाग निकला। पुलिस टीम ने लगातार पीछा किया और आखिरकार बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर बहाल जोर के पास वाहन को घेरकर पकड़ लिया। आम की कैरेट के नीचे छिपा था गांजा वाहन की तलाशी लेने पर ट्रॉली में प्लास्टिक कैरेट में भरे कच्चे आम मिले। जब पुलिस ने आम हटवाए तो नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने 23 प्लास्टिक कैरेट से कुल 207 पैकेट जब्त किए, जिनमें 207 किलो गांजा भरा हुआ था। आरोपी गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ओडिशा से अंबिकापुर, फिर यूपी भेजी जानी थी खेप गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह (36) निवासी ग्राम विमड़ा, थाना बगीचा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के सुंदरगढ़ क्षेत्र से लाया जा रहा था। उसने पुलिस को बताया कि खेप को अंबिकापुर पहुंचाना था, जहां से इसे उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच में जुटी हुई है। करोड़ों की जब्ती, वाहन और मोबाइल भी जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 207 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और 550 रुपए नकद जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपए और मोबाइल फोन की कीमत लगभग 10 हजार रुपए बताई गई है। जनवरी से अब तक 3 करोड़ से ज्यादा के नशीले पदार्थ जब्त जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जनवरी 2026 से अब तक 3 करोड़ 24 लाख 55 हजार 550 रुपए कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। इन मामलों में अब तक 744 किलो से अधिक गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर और गांजा के पौधे बरामद किए गए हैं। पुलिस अब तक 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसएसपी बोले -सख्त कार्रवाई जारी रहेगी एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
<
