![]()
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संदीप पाठक भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके साथ आप के कुल 11 में से 7 राज्यसभा सदस्यों ने इस्तीफा दिया है, जिनमें से राघव चड्ढा और अशोक कुमार मित्तल सहित तीन सदस्यों ने भाजपा का दामन थामा है। संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होते ही छत्तीसगढ़ के लोरमी स्थित उनके गृहग्राम बटहा में भाजपा संगठन में उत्साह देखा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके घर पहुंचकर जमकर आतिशबाजी की और खुशियां मनाईं। संदीप के पिता शिवकुमार पाठक जनसंघ के दौर से ही भाजपा से जुड़े रहे हैं। भाजपा में सक्रिय भूमिका और बेटे के फैसले पर खुशी वे भाजपा संगठन के कद्दावर नेता माने जाते हैं और मंडल अध्यक्ष से लेकर जिला भाजपा उपाध्यक्ष तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जिस समय संदीप ने भाजपा ज्वाइन की, उनके पिता निजी काम से तखतपुर गए हुए थे। वहीं भाजपाइयों ने उन्हें बेटे के भाजपा प्रवेश की जानकारी दी। बेटे के इस फैसले से उनके पिता भी बेहद खुश नजर आए। शिक्षा और प्रोफेसर से राजनीति तक का सफर संदीप पाठक की प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई थी, जिसके बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए बिलासपुर चले गए। राजनीति में आने से पहले संदीप दिल्ली में आईआईटी कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़कर आम आदमी पार्टी की पंजाब राज्य की जिम्मेदारी संभाली। केजरीवाल के करीबी और राज्यसभा तक का सफर संदीप, अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक सलाहकार भी थे। ऐसा माना जाता है कि पंजाब में आप सरकार बनाने में संदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी वजह से बाद में उन्हें पंजाब कोटे से राज्यसभा सदस्य बनाकर पार्टी ने भेजा था।
<
