आधी-रात राशन-तेल की तलाश में घरों में घुस रहा भालू…:लोग अपने दरवाजे मजबूत करने के इंतजाम कर रहे हैं… फिर भी दहशत

![]()
शहर से सटे गोविंदपुर में भालू भोजन व तेल की तलाश में आधी रात घरों के दरवाजे तोड़कर अंदर घुस रहा है। पिछली चार रातों में 9 मकानों के दरवाजे तोड़ चुका है। कहीं भालू को भगाया गया। कहीं परिजनों ने स्वयं को कमरों में कैद किया। बाहर से मदद मांगी। घरों के दरवाजे तोड़ने में भालू अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। दूसरी ओर परिवार के लोग दरवाजे को धकेलकर भालू को अंदर आने से रोक रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से कुछ परिवार जान बचाने मकान छोड़कर रिश्तेदारों-परिचितों के घर रात गुजार रहे हैं। भास्कर ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। दिव्या तारम ने बताया, पिछले चार-पांच दिनों से लगातार भालू आ रहा है। गेट के पास बैठा रहता है। दो दिन पहले भी घर में घुसने की कोशिश की। चंद्रिका साहू ने बताया, भालू दरवाजे को धक्का देने लगा। दूसरी ओर से मैं दबाकर रख रही थी। वह काफी ताकत लगा रहा था। कुछ देर बाद चला गया। हरीश ठाकुर, रत्तीराम बघेल के घर भी दरवाजे को धक्का दिया। धनसिंह साहू के घर दरवाजा धकेलने लगा। अंदर से दबाकर रखे रहे। अपनी सुरक्षा के लिए दरवाजों को मजबूत कर रहे हैं। केस 1… : रात 2.30 बजे दरवाजा तोड़ भालू आ गया
गोविंदपुर की कविता यादव ने कहा, मैं बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। बुधवार रात 2.30 जोर से आवाज आई। मैं जागी। देखा, भालू दरवाजा तोड़कर अंदर आ गया था। मैं अंदर भागी। बच्चे के साथ स्वयं को बेडरूम में बंद कर लिया। भालू किचन में घुसा। तेल पीने लगा। राशन खा गया। सामने रहने वाले रॉकी ठाकुर को फोन लगाया। उन्होंने बाहर से देखा। कमरे में भालू घूम रहा था। केस 2… : हाल में भालू, कमरों में मैं और बेटा
गोविंदपुर की द्रोपती ठाकुर ने कहा, घर घुसकर भालू ने हमला किया। मैं गिर गई। फिर उठकर भागी। कमरे में खुद को बंद किया। सामने वाले कमरे में सोए बेटे को आवाज लगाई। दरवाजा बंद कराया। केस 3… : घर के पीछे का दरवाजा तोड़ दिया
गोविंदपुर की श्रद्धा चंद्रवंशी ने कहा, बुधवार रात 1.30 बजे भालू आया। भगा दिया। दो बजे फिर आया। सीधे दरवाजे पर अटैक किया। दरवाजे की कुंडी तोड़ दी। मैं पांच फीट की दूरी पर सोई थी। पहाड़ी पर तेंदुए का डेरा, 2 दिनों में बकरी व कुत्ते का शिकार कोरर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोकानपुर स्थित मावली पहाड़ी पर तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में भारी दहशत है। तेंदुए ने पिछले दो दिनों के भीतर गांव में एक बकरी और एक कुत्ते को अपना शिकार बना लिया है। आबादी के बिल्कुल करीब तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीण अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुए ने मावली मंदिर पहाड़ी को अपना ठिकाना बना लिया है। वह दिन-ढलते ही रिहायशी इलाकों के आसपास चहलकदमी करता देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार शाम से ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और सतर्क किया जा रहा है।
Source link




