भास्कर न्यूज | बालोद संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयावधि में करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने भारत सरकार के आई गोट कर्मयोगी पोर्टल में अधिकारी-कर्मचारियों के ऑन बोर्डिंग की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को 15 अप्रैल तक अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से ऑन बोर्डिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्षिक वेतन वृद्धि एवं गोपनीय प्रतिवेदन (एसीआर) के लिए भी यह आवश्यक होगा। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय सिंह कंवर से दल्लीराजहरा में प्रयास आवासीय विद्यालय शुरू करने की तैयारी की जानकारी ली और भवन की रंगाई-पुताई, साज-सज्जा तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जीएसटी रिटर्न, जिला मुख्यालय में सड़क चौड़ीकरण एवं हाईमास्ट लाइट स्थापना, तथा 23 अप्रैल को ग्राम खुरसुनी (गुंडरदेही) में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जल संचय-जनभागीदारी अभियान 2.0 के तहत जल संरचनाओं की पोर्टल एंट्री, सघन वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की देखभाल, तथा बाल विवाह रोकथाम के उपायों की भी समीक्षा की गई।
<
