आईपीएस के बेटे को पीटा,बदमाश का नाम लेने पर पिटाई:भाजपा नेता के भतीजे से मारपीट व लूट, दोनों मामलों में FIR दर्ज

![]()
अंबिकापुर में बदमाशों ने आईपीएस अधिकारी के बेटे को जमकर पीटा। आईपीएस के बेटे ने रिपोर्ट में बताया है कि बदमाश का नाम लेने के मामूली विवाद पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे धमकाया कि तेरा बाप पुलिस वाला होगा। एक अन्य घटना में छत्तीसगढ़ गृहनिर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे के साथ युवकों ने मारपीट की और 2400 रुपये लूट लिया। दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों मामले कोतवाली थाना क्षेत्र के हैं। जानकारी के मुताबिक, आईपीएस रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कांत ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 7 सितंबर 2026 की रात करीब 10.00 बजे अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर रुके हुए थे। वे अपने साथी प्रिंस गुप्ता का इंतजार कर रहे थे। आदतन बदमाशों ने युवक से की मारपीट वहां पहले से मौजूद आदतन बदमाश गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता एवं उनके अन्य साथियों ने विवाद शुरू कर दिया। लेखांश कांत ने गोलू गणेश का नाम लिया था, जिसे लेकर आरोपियों ने लेखांश कांत के साथ गाली-गलौज करते हुए कहा कि तेरे पिता पुलिस अधिकारी है तो हमारा क्या बिगाड़ लेगा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते युवक को बेदम पीटा। हमले में पीड़ित के कान, कंधे, सिर और गले में गंभीर चोटें आई हैं। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(1), 115(2), 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। भाजपा नेता के भतीजे को लूटा व पीटा एक अन्य मामले में छग गृहनिर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव के साथ आधा दर्जन युवकों ने मारपीट एवं लूटपाट की। अभिरत सिंहदेव 7 सितंबर की शाम करीब 6 बजे वह स्कूटी से अपने दोस्त देव दुबे के साथ समलाया मंदिर के पास पहुंचा था। उसे गोलू पठान और राज बंगाला ने रोक लिया। इस दौरान दोनों ने उससे रुपए की मांग की। मना करने पर उसकी जेब से जबरन 2500 रुपए निकाल लिए और मारपीट की। अभिरत सिंहदेव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी गोलू पठान, राज बंगाला सहित 6 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2), 119(1), 191(2), 296, 324 (2) व 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
Source link




