बेनूर| डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत खोड़गांव में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण अध्यक्ष खिलावन राम रीगरी के निर्देशानुसार तथा तालुका विधिक सेवा समिति नारायणपुर के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ठाकुर और सचिव गायत्री साय के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों एवं आमजनों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में अधिकार मित्र रेणुका बघेल ने उपस्थित ग्रामीणों को निशुल्क विधिक सहायता योजना, महिला एवं बाल संरक्षण कानून, घरेलू हिंसा अधिनियम, मोटरयान अधिनियम, श्रम कानून एवं साइबर अपराध से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही 9 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के बारे में बताते हुए लोगों को आपसी समझौते के माध्यम से अपने मामलों के निपटारे के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति भी निशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
<
