टॉप न्यूज़

अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन की लेटलतीफी से यात्री परेशान:तीन माह से रोज हो रही घंटों लेट, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी




सरगुजा से राजधानी रायपुर को जोड़ने वाली अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन की लेटलतीफी से यात्री काफी परेशान हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन पिछले करीब तीन महीने से लगातार देरी से चल रही है। ट्रेन अपने निर्धारित समय से 3 से 4 घंटे देर से रायपुर पहुंच रही है। कांग्रेस के मुताबिक, अंबिकापुर से ट्रेन के रवाना होने का समय 22:30 बजे है। इसे सुबह 8:45 बजे रायपुर और 9:55 बजे दुर्ग पहुंचना निर्धारित है। लेकिन लगातार देरी के कारण यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन भी ट्रेन करीब चार घंटे देर से चली। उस दिन ट्रेन दोपहर 12:30 बजे रायपुर और 1:42 बजे दुर्ग पहुंची। कांग्रेस ने रेलवे से ट्रेन की लेटलतीफी दूर कर समय पर संचालन की मांग की है। नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी आंदोलन करेगी। कोयला परिवहन को प्राथमिकता देने का आरोप दरअसल दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन अंबिकापुर पहुंचने के बाद अंबिकापुर-शहडोल पैसेंजर के रूप में चलती है। शहडोल-अंबिकापुर पैसेंजर के अंबिकापुर पहुंचने के बाद यह ट्रेन सफाई के बाद दुर्ग के लिए रवाना होती है। यात्रियों का आरोप है कि कोयला परिवहन के चलते माल गाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने से यात्री ट्रेन प्रभावित हो रही हैं। अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन निर्धारित समय से लेट होकर छूट रही है। यहां से छूटने के बाद भी रास्ते में माल गाड़ियों को प्राथमिकता से निकाले जाने के कारण ट्रेन लगातार विलंब से पहुंच रही है। कनेक्टिंग ट्रेनें छूट रही, छात्र भी परेशान अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन के विलंब होने के कारण कनेक्टिंग ट्रेन और फ्लाइट छूट रही है। खासकर छात्रों को ट्रेन की लेट-लतीफी से परेशानी हो रही है। कई बार छात्रों की परीक्षा भी छूट जा रही है। रेलवे की मनमानी का खामियाजा सीधे तौर पर यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। रेलवे परामर्शदात्री सदस्य ने कहा-घोर लापरवाही रेलवे के ZRUCC सदस्य मुकेश तिवारी ने कहा कि अंबिकापुर अनूपपुर रेल खंड में ट्रेनों का रोज दो-तीन घंटे विलंब रेलवे की घोर लापरवाही और प्रशासनिक दिवालियापन का प्रमाण है। इस अव्यवस्था से अनुसूचित क्षेत्र के गरीब, मरीज व छात्रों को परेशानी झेल रहे हैं। मुकेश तिवारी ने कहा कि देशभर में सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाला बिलासपुर डिवीजन की कोचिंग ट्रेनों के मामले में 43 प्रतिशत पंक्चुएलिटी और राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम पायदान में है। रेलवे यात्री सेवा को सुधारने में नाकाम रहा है। बीजेपी नेता ने भी जताई नाराजगी बीजेपी नेता कैलाश मिश्रा ने भी ट्रेन की लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुए समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा है की ट्रेन देरी से चलने के कारण मरीज अस्पताल में समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्टूडेंट को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ऐसे परीक्षार्थी है जिनकी परीक्षा छूट जा रही है। परेशानी को देखते हुए अब लोग बस या दूसरे सड़क माध्यम से रायपुर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने कहा कि अम्बिकापुर-दुर्ग के मध्य चलने वाली ट्रेन अपनी लेट लतीफी की वजह से प्रासंगिकता खो रही है। ट्रेन न केवल अम्बिकापुर से विलंब से रवाना हो रही है, साथ ही राजधानी रायपुर भी तीन से चार घंटे विलंब से पहुँच रही है। पाठक ने कहा कि जनचर्चा के अनुसार रेलवे को मौन निर्देश है कि अडानी के कोयला रैक को प्राथमिकता दें भले ही अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस के यात्रियों को नारकीय यात्रा करनी पड़े। रेलवे विभाग को आगाह करते है कि सरगुजा जिले की जनता के प्रति अपना रवैया बदले, अन्यथा कांग्रेस इसे लेकर आंदोलन करेगी।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button