भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में कोंडागांव जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह अभियान 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
.
इस अभियान के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित कर रहे हैं। एसडीएम कोंडागांव अजय उरांव ने बताया कि सभी बीएलओ को इस कार्य के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है।

नए मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे
बीएलओ मतदाताओं से संपर्क कर गणना पत्रक भरवा रहे हैं और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भी भरवा रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जनजागरूकता के लिए कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराई जा रही है।
बीएलओ के सहयोग के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी स्वयंसेवक के रूप में तैनात किया गया है। इसी क्रम में 10नवंबर को एसडीएम उरांव ने मतदान केंद्र क्रमांक 139 का दौरा किया।
उन्होंने बीएलओ द्वारा गणना फॉर्म वितरण की जानकारी ली और मतदाताओं को उनके घरों में फॉर्म भरने के संबंध में समझाया। उन्होंने गणना फॉर्म वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और सटीक बनाना है। अभियान के दौरान वर्तमान मतदाता सूची के साथ-साथ वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूची के अनुसार मतदाताओं का पुनः सत्यापन किया जा रहा है। प्रत्येक मतदाता को गणना पत्रक की दो प्रतियां प्रदान की जा रही हैं।

न्यायाधीश ने बालिका गृह का निरीक्षण किया
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव, किरण चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, सचिव गायत्री साय ने 11 नवंबर 2025 को बालिका गृह कोण्डागांव का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, न्यायाधीश ने बालिकाओं की सुरक्षा, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधीक्षिका और संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और अभिलेखों की भी जांच की।

पढ़ाई और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली
न्यायाधीश ने व्यक्तिगत रूप से बालिकाओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए उचित परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग की व्यवस्था नियमित रूप से की जाए।
निरीक्षण के बाद, न्यायाधीश ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संस्थान की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर बालिका गृह की अधीक्षिका मणि शर्मा, पैरालीगल वालंटियर रंजन बैध और लोकेश यादव उपस्थित रहे।
<
