गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शुक्रवार को बचरवार रोड स्थित बांधा तालाब के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकल गया।
.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी स्पीड में थी, जिसके कारण ड्राइवर कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क छोड़कर सीधे तालाब में समा गई। हालांकि, ड्राइवर को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

कार में सवार युवक को बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में सवार युवक को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से कार को तालाब से बाहर निकाला गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह हादसा तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने की वजह से हुआ है। कार मस्जिद मोहल्ला निवासी परवेज खान की बताई जा रही है। हालांकि, घटना के समय कार कौन चला रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बचरवार रोड काफी संकरी है और इसके दोनों ओर तालाब होने के कारण यहां तेज रफ्तार में वाहन चलाना जोखिम भरा रहता है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
<
