कोरबा के शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में जनजाति गौरव वर्ष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत, संस्कृति, सामाजिक, आध्यात्मिक योगदान, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित था।
.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रघुराज सिंह उइके, विशिष्ट अभ्यागत पुष्पराज सिंह ठाकुर, बलराम विश्वकर्मा और दीपक सिंह शामिल हुए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह, सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी इसमें सहभागिता की। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनजातीय गौरव नायक शहीद वीर नारायण सिंह, बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती के तैल चित्र पर पुष्प और दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि रघुराज सिंह उइके ने कहा कि जनजाति गौरव वर्ष उन ऐतिहासिक अध्यायों को उजागर करने का अवसर है।

जिन्होंने देश की आजादी, संस्कृति और समाज सुधार में असाधारण योगदान दिया है। उन्होंने समावेशी विकास, जनजातीय शिक्षा, कला, भाषा और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। छात्राओं ने कार्यक्रम में भाषण, रंगोली, पोस्टर और जनजातीय व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई।
इसमें जनजातीय नायकों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनियां भी शामिल थीं।आयोजन समिति के अध्यक्ष और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय युवाओं को अपनी पहचान, संस्कृति और संघर्षों के गौरव को समझने की प्रेरणा देना है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। प्राचार्य ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। राजनीति विभाग की सहायक प्राध्यापक श्रीमती वर्षा सिंह तंवर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
<
