![]()
जशपुर के नेशनल हाईवे- 43 पर ग्राम लोरो और पतराटोली के बीच पंडरी पानी मोड़ के पास 6 और 7 दिसंबर की दरम्यानी रात हुए भीषण सड़क हादसे के फरार आरोपी ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दुर्घटना में पांच युवकों की मौत हो गई थी।
.
पुलिस ने आरोपी को दुलदुला क्षेत्र से पकड़ा और ट्रेलर (NL-01-AB-5953) भी जब्त कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार सभी पांच युवक गंभीर हालत में फंसे हुए थे।
मृतकों की पहचान कर परिजनों को सौंपे गए शव
ग्रामीणों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान ग्राम खटंगा, थाना दुलदुला निवासी अंकित तिग्गा (16), राधेश्याम यादव (26), उदय चौहान (18), दीपक प्रधान (18) और सागर तिर्की (22) के रूप में हुई।
पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस ने इस मामले में धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। आरोपी लगातार फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की निगरानी और ट्रैकिंग के बाद उसे दुलदुला क्षेत्र में पकड़ लिया गया।
एसएसपी ने कहा- आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियाजुद्दीन (42), निवासी ग्राम भंडारों, थाना बरही, जिला हजारीबाग (झारखंड) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह मुंबई से लोहे-सीमेंट की इंडस्ट्रियल पाइप लोड कर पश्चिम बंगाल जा रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी की जा चुकी है। विधि सम्मत आगे की कार्रवाई जारी है।
<
