बीजापुर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल नंबी धारा क्षेत्र में गुरुवार को विकास कार्यों की शुरुआत हुई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नंबी धारा चौक से नंबी जलप्रपात तक 2.69 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
.
इसके साथ ही, नंबी गांव में 20 लाख रुपए की लागत से एक सामुदायिक भवन के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय निवासियों को सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन कैंप नंबी धारा का दौरा किया। उन्होंने जवानों से मुलाकात कर उनके मनोबल की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया।

पहुंचे चुके हैं 20 हजार से अधिक पर्यटक
उपमुख्यमंत्री ने नंबी धारा पर्यटन समिति के कार्यों की सराहना की। समिति अध्यक्ष गजेंद्र ने बताया कि समिति का गठन जुलाई 2025 में किया गया था, जिसमें 24 स्थानीय युवा पर्यटक गाइड के रूप में कार्यरत हैं।
पिछले चार महीनों में 20 हजार से अधिक पर्यटक नंबी धारा पहुंचे हैं, जिनमें जर्मनी, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और अन्य राज्यों के पर्यटक शामिल हैं। समिति को अब तक चार लाख रुपए की आय प्राप्त हुई है।
जिससे स्थानीय युवाओं को आजीविका का नया साधन मिला है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नंबी धारा केवल एक पर्यटन स्थल नहीं है, बल्कि यह बस्तर की प्राकृतिक धरोहर और स्थानीय युवाओं की आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन रहा है।

<
