![]()
.
नवागढ़ में धान खरीदी को लेकर किसानों की शिकायतों के बाद तहसीलदार उमाकांत जायसवाल ने धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान की गुणवत्ता, वजन और नमी की गहन जांच की गई, जिससे किसानों को पारदर्शी और न्यायसंगत खरीदी सुनिश्चित की जा सके।
तहसीलदार ने मौके पर मौजूद किसानों के धान को मॉइस्चर मशीन से जांचा। जांच में कुछ किसानों का धान अधिक नमी वाला पाया गया, जिस पर संबंधित किसानों को धान को अच्छी तरह सुखाकर पुनः लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की खरीदी केवल इलेक्ट्रॉनिक कांटे से ही की जाए, ताकि वजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। निरीक्षण के दौरान धान की तौल कराई गई, जिसमें 200 ग्राम अधिक वजन पाया गया। इस पर तहसीलदार ने खरीदी प्रभारी राजकुमार धीवर को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वजन में गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा इसका प्रतिवेदन तैयार किया जाए।
इसके अलावा किसान जगन्नाथ कश्यप सहित कुल 15 किसानों के धान की सूची का भी परीक्षण किया गया। तहसीलदार ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर नवागढ़ के हल्का पटवारी मनीराम कश्यप सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
<
