Uncategorized

सोनोग्राफी की टाइपिंग गलती से खारिज हुआ क्लेम, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस दोषी करार; 45 दिन में चुकाना होगा 16.50 लाख का लोन

महासमुंद जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने सोनोग्राफी रिपोर्ट में हुई टाइपिंग की गलती को आधार बनाकर 16.50 लाख रुपए का लोन प्रोटेक्शन इंश्योरेंस क्लेम खारिज करने के मामले में कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को सेवा में दोषी माना है। आयोग के अध्यक्ष गोपाल रंजन पाणिग्राही और सदस्य गिरीश श्रीवास्तव की पीठ ने कंपनी को 45 दिनों के भीतर मृतक के नाम का बकाया लोन चुकाने का आदेश दिया है।

पिथौरा तहसील के ग्राम जम्हर निवासी गेंद सिंह चौधरी (63) के बेटे स्व. जितेंद्र कुमार चौधरी ने 3 अक्टूबर 2024 को बैंक से 16.50 लाख रुपए का ऋण लेकर चैन वाला हार्वेस्टर खरीदा था। उन्होंने कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस की लोन प्रोटेक्शन पॉलिसी ली थी, जो 2028 तक वैध थी। इसमें पिता गेंद सिंह को नॉमिनी बनाया गया था।

11 मार्च 2025 को तबीयत बिगड़ने पर जितेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पेट की सोनोग्राफी हुई। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां 12 मार्च की रात उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद गेंद सिंह ने बीमा क्लेम किया। कंपनी ने 17 जुलाई 2025 को दावा खारिज करते हुए कहा कि जितेंद्र 11 मार्च 2023 से लिवर की बीमारी से पीड़ित थे और उन्होंने बीमारी की जानकारी छिपाई थी। कंपनी ने केवल 23,929 रुपए की प्रीमियम राशि लौटाई।

वहीं अस्पताल से पता लगा कि 11 मार्च 2025 की सोनोग्राफी रिपोर्ट में प्रिंटिंग के दौरान तारीख गलती से 11 मार्च 2023 दर्ज हो गई थी। हॉस्पिटल ने स्पष्टीकरण भी दिया।

आयोग ने माना कि अस्पताल की प्रिंटिंग गलती का आधार बनाकर क्लेम खारिज करना बीमा कंपनी की सेवा में कमी है। यह निर्देश दिया कि कंपनी 23,929 रुपए की प्रीमियम राशि काटकर मृत्यु की तारीख तक के बीमा कवर के अनुसार पूरी ऋण राशि कोटक महिंद्रा बैंक को दे।

साथ ही मानसिक पीड़ा के लिए 25 हजार और परिवाद खर्च के रूप में 5 हजार रुपए अलग से देने का आदेश दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button