धमतरी में भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष शुभम जायसवाल का स्वागत किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शहर में उनके प्रथम आगमन पर बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया।
.
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में प्रदेश में अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में युवा मोर्चा और प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में धमतरी जिले के शुभम जायसवाल को भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद शुभम जायसवाल का धमतरी में यह पहला आगमन था। शहर के घड़ी चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह पद करीब 10 वर्षों से छात्रों और युवाओं के बीच किए गए वैचारिक कार्यों के प्रत्यक्ष प्रमाण के रूप में मिला है।

उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में युवा देश और प्रदेश सरकार के विचारों और कार्यों से जुड़कर काम करना चाहते हैं। जायसवाल ने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि देश और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी व युवा केंद्रित नीतियों को जन-जन, छात्रों और युवाओं तक पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य होगा। वे इसी प्राथमिकता के साथ प्रदेश में काम करेंगे।

<
