छत्तीसगढ़

36 घंटे की लगातार बारिश के बाद थमा बारिश का सिलसिला, रायपुर समेत कई हिस्सों में जलभराव, महादेवघाट पुल से 2 फीट ऊपर पानी

छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे हुई लगातार बारिश के बाद अब बारिश थम गई है। हालांकि, रायपुर समेत कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। महादेवघाट पुल से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है और कई नदी-नाले उफान पर हैं।

रायपुर में इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 के EWS B ब्लॉक में पूरा इलाका जलमग्न है। सुरक्षा के चलते बिजली काटी गई है, लेकिन बिजली पैनल में करंट आने की बात भी सामने आई है। भाटागांव में पानी भरने से एक कार और ट्रक फंसे हैं। प्रोफेसर कॉलोनी और काठाडीह BSUP कॉलोनी के घरों में भी पानी घुसा है।

धमतरी में पानी भरे पुल को पार करते समय एक कार तेज बहाव में बह गई। कार में सवार दो लोगों ने कांच तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई।

गंगरेल डैम के 14 गेट से पानी छोड़ा जा रहा है। प्रदेश के सभी स्कूलों में आज छुट्टी है।

जगदलपुर, गरियाबंद, कांकेर, बालोद और बिलासपुर के निचले इलाकों में घरों में पानी भरा है। बस्तर में सड़कें डूबी हैं।

बारिश और जलभराव के चलते 6 ट्रेनें और एक फ्लाइट कैंसिल की गई हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में कई इलाकों में फिर बारिश हो सकती है। गरज-चमक, भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा का अलर्ट है।

बंगाल की खाड़ी का डिप्रेशन दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ तक पहुंचा था, जिसके असर से नमी बढ़ी और बारिश तेज हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button