Uncategorized

रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 25 करोड़ की रंगदारी की धमकी, शोएब ढेबर गिरफ्तार

रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिली है। इस मामले में पुलिस ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें जमानत मिल गई है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए कुछ और युवकों को थाने बुलाया था। इसके अलावा बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी थाने बुलाया गया था। पुलिस ने होटल के 3 कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

इससे पहले पुलिस ने जांजगीर-चांपा के एक युवक को गिरफ्तार किया था। आरोपी होटल में सिक्योरिटी गार्ड है। आरोप है कि उससे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को फोन करवाया गया था। 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।

आरोप है कि इंटरनेट कॉल करने के लिए शोएब ढेबर ने हॉटस्पॉट दिया था। इस मामले में जांच अभी जारी है।

दरअसल, पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से व्हाट्सऐप ट्रेस कर जांजगीर-चांपा निवासी युवक को पकड़ा। पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आया। ऐसे में रायपुर पुलिस ने शनिवार रात शोएब ढेबर को हिरासत में लिया था।

जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी हिरासत में लिया। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने की साजिश में क्या शोएब ढेबर की कोई भूमिका थी। इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इससे पहले बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम से पूर्व महापौर एजाज ढेबर से भी 50 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। इस मामले में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।

पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी तरह का कनेक्शन है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने पूछताछ से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

इससे जुड़ी एक अन्य खबर के अनुसार, रायपुर में ढेबर परिवार को बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने अनवर ढेबर और एजाज ढेबर का नाम लेकर धमकाया और फिर 50 करोड़ रुपए की मांग की है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button