5 लाख की साल चिरान लकड़ी से भरी पिकअप जब्त:वाड्रफनगर में वन विभाग की घेराबंदी, 2.145 घनमीटर लकड़ी बरामद, ड्राइवर मौके से फरार

![]()
वाड्रफनगर में संगठित वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने साल की अवैध चिरान लकड़ी से भरी पिकअप जब्त की है। वाहन से 20 नग साल चिरान बरामद हुई है। जब्त वाहन और लकड़ी की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग को 26 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन से साल की अवैध चिरान लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद वन परिक्षेत्राधिकारी रामनारायण राम के नेतृत्व में टीम ने निगरानी शुरू की। डूबापारा में छिपाकर रखा था वाहन जांच के दौरान ग्राम बसंतपुर के डूबापारा में एक पिकअप वाहन छिपाकर रखे होने की जानकारी मिली। वन अमले ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक UP64CT-7280 की तलाशी ली। 2.145 घनमीटर साल चिरान बरामद तलाशी में पिकअप के अंदर साल प्रजाति की 20 नग चिरान लकड़ी, कुल 2.145 घनमीटर, बरामद हुई। हालांकि मौके पर वाहन चालक नहीं मिला। आसपास तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। वन विभाग ने वाहन और लकड़ी जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। मामले में भारतीय वन अधिनियम और छत्तीसगढ़ के वनोपज परिवहन एवं व्यापार संबंधी कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है। वाहन राजसात करने की प्रक्रिया शुरू प्राधिकृत अधिकारी एवं उप वनमंडलाधिकारी वाड्रफनगर ने जब्त पिकअप को राजसात करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। वन विभाग अब फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रहा है। साथ ही जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि साल की लकड़ी जंगल के किस क्षेत्र से काटी गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। विभाग लकड़ी तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रहा है।
Source link




