राजनांदगांव पुलिस ने जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से शनिवार रात शहर में व्यापक ‘कॉबिंग गश्त’ की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और संदिग्धों में हलचल
.
अभियान की शुरुआत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक ने पुलिस जवानों को ब्रीफिंग दी। इसके बाद बल को चार अलग-अलग टीमों में बांटा गया और थाना कोतवाली, बसंतपुर और पुलिस चौकी चिखली क्षेत्रों में रवाना किया गया। एएसपी स्वयं भी पूरी रात फील्ड पर तैनात रहे और टीमों का नेतृत्व किया।

गश्त में 70 जवान रहे तैनात
इस विशेष गश्त में कुल 70 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। पुलिस की टीमों ने चार पहिया वाहनों और पैदल पेट्रोलिंग के जरिए शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ संकरी गलियों और मोहल्लों का भी भ्रमण किया।
गश्त के दौरान क्षेत्र के सक्रिय गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी गई। मैदानों या अंधेरे इलाकों में अलाव जलाकर नशा करने वालों की भी जांच की गई और उन्हें कड़ी चेतावनी देकर घर भेजा गया।

संदिग्धों की जांच और नशेबाजों पर कार्रवाई
नशे की हालत में अनावश्यक घूम रहे पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाना बसंतपुर लाया गया। बाद में उनके परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई और उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने अपराधों में संलिप्त रहे नाबालिग बच्चों के घरों पर भी दस्तक दी और उनके माता-पिता से चर्चा कर हिदायत दी कि वे अपने बच्चों को देर रात बिना कारण बाहर न घूमने दें, ताकि वे आपराधिक गतिविधियों से दूर रह सकें।
इस अभियान में एएसपी पुष्पेंद्र नायक के साथ नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, एसडीओपी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम, डीएसपी मंजूलता बाज सहित कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग के थाना प्रभारी और साइबर सेल की टीम सक्रिय रही।
<
