धमतरी वाटर फिल्टर प्लांट से अजगर और घर से रसेल वाइपर का रेस्क्यू
छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक वाटर फिल्टर प्लांट से अजगर का रेस्क्यू किया गया। सर्पमित्र सूर्यकांत साहू ने अजगर को फिल्टर चेंबर में घुसने से ठीक पहले बचाया। इसके अलावा, उन्होंने मुरूमसिल्ली गांव से एक जहरीले रसेल वाइपर सांप को भी पकड़ा।
.
रुद्री निवासी सर्पमित्र सूर्यकांत साहू को मंगलवार को नहर किनारे स्थित वाटर फिल्टर प्लांट में अजगर होने की सूचना मिली। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर लगभग 8 फीट लंबे और 12 किलो वजनी अजगर को रेस्क्यू किया। यह अजगर फिल्टर होने वाले चेंबर में घुसने ही वाला था।
फिल्टर चेंबर में घुसने से पहले अजगर को पकड़ा
सूर्यकांत साहू ने बताया कि यदि अजगर चेंबर में घुस जाता, तो उसके कटने से शहरवासियों को दूषित पानी पीना पड़ता। अजगर के अवशेष पानी के साथ घरों तक पहुंच सकते थे, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती थीं।
घर से जहरीले रसेल वाइपर का भी रेस्क्यू किया
इससे पहले, सूर्यकांत ने मुरूमसिल्ली गांव के एक घर से जहरीले रसेल वाइपर का भी रेस्क्यू किया था। वे उस क्षेत्र में घूमने गए थे जब लोगों ने सांप होने की सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
सर्पमित्र सूर्यकांत ने अजगर और रसेल वाइपर दोनों को रखकर एक वीडियो भी बनाया। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य लोगों को इन दोनों सांपों के बीच का अंतर समझाना है, ताकि वे इन्हें पहचान सकें और सतर्क रहें।




<
