Uncategorized

रायपुर-बलौदाबाजार फोरलेन: खोरसी तक सर्वे पूरा, 711 खसरों की 17 हेक्टेयर जमीन प्रभावित

रायपुर-बलौदाबाजार सड़क को फोरलेन करने की प्रक्रिया एक कदम और आगे बढ़ गई है। नेशनल हाईवे (एनएच), वन और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने रायपुर से खरोरा ब्लॉक के खोरसी गांव तक सर्वे पूरा कर लिया है। सर्वे में 711 खसरों की करीब 17 हेक्टेयर जमीन सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आई है। अब इन खसरों का प्रकाशन कर संबंधित जमीन मालिकों से दावा-आपत्ति मंगाई जाएगी।

फोरलेन के बन जाने पर रायपुर से बलौदाबाजार जाने में पौने दो घंटे के बजाए एक घंटे का समय ही लगेगा। रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ सड़क को फोरलेन करने की पूरी परियोजना पर करीब 1500 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। काम दो चरणों में किया जाएगा।

पहले चरण में धनेली से पुराने विधानसभा भवन तक 11.610 किमी सड़क के लिए करीब 500 करोड़ रुपए का प्रावधान है। दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किमी सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इस हिस्से पर करीब 1050 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

परियोजना में जरूरत के अनुसार सर्विस लेन के साथ चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज भी प्रस्तावित हैं। सड़क चौड़ीकरण के लिए रायपुर जिले की सीमा तक करीब 7 हजार पेड़ प्रभावित होंगे। वन विभाग ने संयुक्त सर्वे में इन पेड़ों को चिह्नित किया है। निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर नियमानुसार इन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और अन्य विद्युत ढांचे को शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग ने 44.78 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे मंजूरी के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद एनएच को डिमांड नोट जारी किया जाएगा।

रायपुर-बलौदाबाजार सड़क चौड़ीकरण के लिए रायपुर जिले की सीमा तक वन, विद्युत और एनएच का संयुक्त सर्वे पूरा हो गया है। इसमें 21 गांवों के 711 खसरे प्रभावित हो रहे हैं। अब दावा-आपत्ति मंगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह जानकारी आरएस गंजीर, एसडीओ, एनएच ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button