छत्तीसगढ़

PM मोदी के जन्मदिन पर बांटी गईं टूटी साइकिलें, बेमेतरा में छात्राओं ने उठाई आवाज

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर छात्राओं को बांटी गई साइकिलें टूटी निकलीं। 17 सितंबर को सिंघोरी स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में विधायक दीपेश साहू ने 62 छात्राओं को साइकिल बांटी थी। इनमें कई साइकिलों में पैडल, घंटी, सीट और कैरियर टूटे मिले, जबकि टायर भी पंचर थे।

स्कूल में वितरण के बाद कई साइकिलों की स्थिति खराब मिली। कुछ टायरों में हवा नहीं थी और कुछ में हवा भरने वाला वाल्व तक गायब था। कई साइकिलों की घंटी, सीट और पैडल टूटे हुए थे। सामान रखने वाला कैरियर भी क्षतिग्रस्त मिला।

छात्राओं का कहना है कि पैडल खराब होने, टायर में हवा नहीं होने और साइकिल के हिलने की वजह से वे उन्हें ठीक से चला नहीं पा रही हैं। उन्होंने साइकिलों की गुणवत्ता की जांच कर खराब हिस्सों को ठीक कराने की मांग की है।

बच्चों की शिकायत के बाद प्रिंसिपल संजय प्रसाद पयासी ने रिपेयर करवाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से प्राप्त साइकिलों का वितरण किया गया है। उन्होंने माना कि कुछ साइकिलों में गुणवत्ता संबंधी समस्या सामने आई है। उनके अनुसार, जो साइकिलें डैमेज हैं, उनकी रिपेयरिंग कराकर छात्राओं को उपयोग के योग्य उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूल ने खराब साइकिलों का हैंडओवर क्यों लिया। साइकिलें लेते समय जांच किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि प्रिंसिपल की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जल्द कार्रवाई की बात कही है।

साइकिल वितरण के बाद विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना के तहत 62 छात्राओं को साइकिल दी गई है। इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को स्कूल आने-जाने की सुविधा देना और उनकी पढ़ाई को जारी रखने में मदद करना है।

सिंघोरी स्थित आत्मानंद स्कूल में पहली से 12वीं तक की क्लास लगती हैं। यहां 700 से ज्यादा बच्चे पढ़ाई करते हैं। छात्राओं को दी गई साइकिलों की गुणवत्ता सीधे उनकी उपयोगिता से जुड़ी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button