Uncategorized

प्लांट में ठेकेदार पर गिरा 1600°C का पिघला लोहा, मौत:आग की लपटों से घिरा सीढ़ियों से भागता दिखा; बचाने के लिए लगाई गुहार; VIDEO वायरल — जानिए क्या हुआ

दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में हुए हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव (42) की मौत हो गई। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे मशीन से निकला 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आग की लपटों से घिरा एक व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने दावा किया है कि कंपनी के एक अन्य प्लांट में करीब 2 साल पहले भी एक मजदूर की जलने से मौत हुई थी। फिलहाल, इस मामले में कंपनी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। देखिये ये तस्वीरें… मशीन का नोजल नीचे आया, शरीर पर गिरा पिघला लोहा पुलिस के अनुसार संतोष कुमार श्रीवास्तव स्टील प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे प्लांट में इस्तेमाल होने वाली टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल नीचे आ गया। इसी दौरान मशीन से निकलने वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। लोहे का तापमान करीब 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस बताया गया है। पिघले लोहे की चपेट में आने से संतोष का पूरा शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे उनकी मौत हो गई। 18 अक्टूबर में दोपहर को पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया, परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव बिहार ले गए। आग की लपटों के बीच सीढ़ियों से नीचे भागता दिखा व्यक्ति हादसे से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा हुआ सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता दिखाई देता है। इस दौरान आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। वीडियो में घटनास्थल पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति दिखाई देती है। बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले थे संतोष संतोष कुमार श्रीवास्तव, ग्राम श्यामपुर, थाना सुगौली, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार के रहने वाले थे। वह काम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ आए थे और बोरई औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस्पात संयंत्र में ठेकेदारी का काम कर रहे थे। बताया गया है कि संबंधित प्लांट का निर्माण कार्य अभी जारी है, हालांकि इसके कुछ हिस्सों में काम शुरू हो चुका है। हादसा इसी कार्यरत हिस्से में हुआ। दूसरे प्लांट में भी मजदूर की मौत का दावा जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने जेडी कंपनी प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि करीब 2 साल पहले कंपनी के एक अन्य प्लांट में भी एक मजदूर की जलने से मौत हुई थी। उनके मुताबिक, उस घटना के बाद मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए धरने पर बैठना पड़ा था। प्रिया साहू के अनुसार विरोध और धरने के बाद कंपनी ने मृत मजदूर के परिवार को 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया था। उन्होंने मौजूदा हादसे के संदर्भ में कंपनी के रवैये पर असंतोष जताया है। कंपनी मालिक से संपर्क का प्रयास, प्रबंधन ने बात नहीं की हादसे के संबंध में जेडी इस्पात कंपनी के मालिक अभिषेक गोयल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद कंपनी परिसर पहुंचकर जानकारी लेने की कोशिश की गई। भास्कर की टीम को देखकर कंपनी प्रबंधन ने मिलने से इनकार कर दिया और गार्ड के माध्यम से इस विषय पर कोई बात नहीं करने की सूचना दी। फिलहाल, कंपनी प्रबंधन की ओर से हादसे के कारणों, मशीन के संचालन और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। अंजोरा चौकी में मर्ग कायम, जांच जारी भिलाई के एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने मामले में अंजोरा चौकी में मर्ग दर्ज किया है। यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत की गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और मौत से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। ……………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… छत्तीसगढ़ पावर प्लांट हादसा- अब तक 20 की मौत: 36 लोग झुलसे; वेदांता मृतकों के परिजन को 35-35 लाख मुआवजा और नौकरी देगी छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे में 20 मौतें हो चुकी हैं। 6 महीने पहले प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट हो गया था। हादसे के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजन ने हंगामा किया। उन्होंने प्रबंधन पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। पढ़ें पूरी खबर…

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button